सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
संस्कारों के साथ नई शुरुआत: एंबीशन पब्लिक स्कूल में छात्रों का भव्य अभिनंदन समारोह
शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र के चौतरा स्थित एंबीशन पब्लिक स्कूल में नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर छात्रों का पारंपरिक एवं भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल के बीच छात्रों का स्वागत भारतीय संस्कृति के अनुरूप तिलक लगाकर किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य छात्रों में शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और सभ्यता के मूल्यों का विकास करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा से हुई, जिसमें सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने भाग लिया। इसके पश्चात शिक्षकों ने नवप्रवेशित एवं पुराने छात्रों का तिलक लगाकर अभिनंदन किया। इस दौरान विद्यालय परिसर में एक सकारात्मक और प्रेरणादायक वातावरण देखने को मिला, जिससे छात्रों में नए सत्र को लेकर उत्साह और उमंग स्पष्ट झलक रहा था।
विद्यालय के प्राचार्य अनुज कुमार सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि अनुशासन ही किसी भी विद्यालय की पहचान होती है और इसे प्रत्येक छात्र को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय में छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ आधुनिक संसाधनों की भी उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि वे हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकें। उन्होंने यह भी कहा कि छात्र केंद्रित शिक्षा विद्यालय का मुख्य उद्देश्य है और इसी दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
वहीं विद्यालय के निदेशक कौशल कुमार सिंह ने सभी छात्रों एवं अभिभावकों को नए सत्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एक सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण के लिए शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने छात्रों को मेहनत, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
इस मौके पर विद्यालय के शिक्षक अशोक यादव, रजनीश सिंह, ऋषिकेश सिंह, समीर सिंह, आत्मानंद सिंह, आशुतोष कुमार, मयंक कुमार, अभिनव कुमार, अजीत कुमार, विष्णु, सुशांत, नेहा कुमारी, सोनिया कुमारी, शबनम कुमारी, रिमझिम, प्रेरणा सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। समारोह के सफल आयोजन से छात्रों में नए सत्र के प्रति एक नई ऊर्जा का संचार हुआ।
.png)




