सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
आत्मरक्षा में निपुण बन रहीं छात्राएं, एसकेएम कॉलेज में सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न
शंभूगंज प्रखंड के दाड़ी पकरिया स्थित एसकेएम कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड पारा मेडिकल में छात्राओं के सशक्तिकरण को लेकर सात दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ब्लैक बेल्ट एवं राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता लवली कुमारी ने छात्राओं को जूडो सहित विभिन्न आत्मरक्षा तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। एक सप्ताह तक चले इस शिविर में करीब पांच दर्जन छात्राओं ने भाग लेकर आत्मरक्षा के कई महत्वपूर्ण गुर सीखे।
प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को शारीरिक संतुलन, आत्मविश्वास, खतरे की स्थिति में खुद को सुरक्षित रखने के उपाय एवं मानसिक मजबूती से जुड़ी तकनीकों का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षक लवली कुमारी ने बताया कि वे अब तक 23 हजार से अधिक बालिकाओं एवं महिलाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दे चुकी हैं और उनका उद्देश्य हर लड़की को आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाना है।
संस्थान के प्रबंध निदेशक सुधीर प्रसाद सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में इस प्रकार का प्रशिक्षण छात्राओं एवं महिलाओं के लिए अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे झांसी की रानी की तरह साहस और आत्मबल को विकसित करें, ताकि किसी भी विपरीत परिस्थिति का डटकर सामना कर सकें।
वहीं निदेशक मानवेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण से न केवल शारीरिक मजबूती आती है, बल्कि बौद्धिक क्षमता और निर्णय लेने की क्षमता का भी विकास होता है। इस तरह के शिविर छात्राओं के व्यक्तित्व निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. सी.के. कश्यप एवं गोपाल प्रसाद सिंह ने भी छात्राओं का उत्साहवर्धन किया और उन्हें जीवन में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। शिविर के समापन पर सभी प्रतिभागी छात्राओं में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास देखने को मिला, जिससे संस्थान में उत्साह का माहौल बना रहा।
.png)




