प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार
बंदर के कूदने से स्कूटी अनियंत्रित, पति-पत्नी घायल
अमरपुर-शाहकुंड मुख्य पथ पर चतुर्वेदी आश्रम के समीप शुक्रवार की सुबह एक अजीबोगरीब हादसे में स्कूटी सवार पति-पत्नी घायल हो गए। बताया जाता है कि अचानक एक बंदर के स्कूटी पर कूद जाने से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया, जिससे दोनों को चोटें आईं।
घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत उठाया और इलाज के लिए अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया। घायलों की पहचान बलुआ गांव निवासी फकरू जमां और उनकी पत्नी बेबी तबस्सुम के रूप में की गई है। अस्पताल में डॉक्टर चंचल कुमार द्वारा दोनों का प्राथमिक उपचार किया गया।
इलाज के दौरान घायल फकरू जमां ने बताया कि उनकी पत्नी चिरैया उत्क्रमित विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। शुक्रवार की सुबह वे अपनी पत्नी के साथ स्कूटी से किसी आवश्यक कार्य के लिए अमरपुर जा रहे थे। इसी दौरान चतुर्वेदी आश्रम के पास अचानक एक बंदर स्कूटी पर कूद पड़ा, जिससे संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क पर गिर गया।
चिकित्सक ने बताया कि दोनों घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है और उन्हें हल्की चोटें आई हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर आवारा पशुओं और बंदरों के बढ़ते आतंक पर चिंता जताई है तथा प्रशासन से इस दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की है।
.png)



