सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
डायन बताकर विधवा से मारपीट, घर में घुसकर दी घटना को अंजाम, जान से मारने की धमकी
शंभूगंज थाना क्षेत्र के श्यामपुर डाका गांव में अंधविश्वास की आड़ में एक विधवा महिला के साथ मारपीट और धमकी का गंभीर मामला सामने आया है। गांव की निवासी ललिता देवी, पति स्वर्गीय महेश दास, को ‘डायन’ बताकर गांव के ही सुभाष दास, उसकी पत्नी सिनेमा देवी सहित चार लोगों ने घर में घुसकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद पीड़िता ललिता देवी किसी तरह अपनी जान बचाकर शंभूगंज थाना पहुंची और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी देते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पीड़िता ने बताया कि उनके पति महेश दास की चार वर्ष पूर्व कालिया पुल के पास एक सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी है। उनके दो पुत्र हैं और पति की मौत के बाद से ही वह किसी तरह परिवार का पालन-पोषण कर रही हैं।
ललिता देवी ने आरोप लगाया कि गांव में जब भी किसी व्यक्ति की तबीयत खराब होती है, तो दबंग लोग उन्हें ‘डायन’ कहकर प्रताड़ित करने लगते हैं। इसी क्रम में हाल ही में सुभाष दास के घर किसी की तबीयत बिगड़ने पर उन्होंने ललिता देवी पर आरोप मढ़ दिया और घर में घुसकर उनके साथ मारपीट की।पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने न सिर्फ उन्हें पीटा, बल्कि भविष्य में दोबारा ऐसी घटना होने पर जान से मार देने की धमकी भी दी। इस घटना से महिला और उसके परिवार में भय का माहौल बना हुआ है।
वहीं, आरोपी पक्ष ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताते हुए खुद को निर्दोष बताया है। इधर, शंभूगंज थाना अध्यक्ष राजकुमार प्रसाद ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर समाज में व्याप्त अंधविश्वास और कुरीतियों को उजागर कर दिया है, जिसे समाप्त करने के लिए जागरूकता और सख्ती दोनों की आवश्यकता है।
.png)



