सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
चुटिया पहाड़ से 15 वर्षीय किशोर गायब, गांव के युवक पर अपहरण का आरोप, परिजनों में मचा हड़कंप
शंभूगंज थाना क्षेत्र के चुटिया पहाड़ गांव से एक 15 वर्षीय किशोर के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया है और पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर किशोर को बहला-फुसलाकर ले जाने का गंभीर आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता नजमा खातून, पति मोहम्मद तौफीक, ने शनिवार को शंभूगंज थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनका छोटा पुत्र दिलशाद अचानक घर से लापता हो गया। पीड़िता का कहना है कि गांव के ही मोहम्मद इमरान, पिता मोहम्मद, उनके पुत्र को अपने साथ ले गया है और तभी से उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
नजमा खातून ने बताया कि उनके दो पुत्र हैं, जिनमें बड़ा पुत्र दिव्यांग है और छोटा पुत्र दिलशाद ही परिवार का सहारा था। ऐसे में उसके लापता होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उन्होंने यह भी बताया कि घटना के बाद उन्होंने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
मामले को लेकर आरोपी मोहम्मद इमरान से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला, जिससे संदेह और गहरा गया है। इस घटना से ग्रामीणों में भी भय का माहौल है और लोग अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।
इधर, शंभूगंज थाना अध्यक्ष राज कुमार प्रसाद ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस संभावित ठिकानों पर नजर रख रही है और किशोर की जल्द बरामदगी के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू पर जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी। वहीं परिजनों ने प्रशासन से अपने बेटे की सुरक्षित बरामदगी की गुहार लगाई है।
.png)





