सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
शंभूगंज में साइबर ठगों का आतंक: खाते से 20 हजार की अवैध निकासी, पुलिस जांच में जुटी
शंभूगंज थाना क्षेत्र में साइबर ठगों की सक्रियता लगातार बढ़ती जा रही है। प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के बावजूद लोग ठगी का शिकार हो रहे हैं। ताजा मामला खानगाह गांव का है, जहां एक व्यक्ति के बैंक खाते से 20 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली गई।
पीड़ित नवल किशोर साह ने बताया कि उनका खाता यूको बैंक की कसबा शाखा में पिछले कई वर्षों से संचालित है। उन्होंने बताया कि बैंक पासबुक और अन्य जरूरी दस्तावेज घर पर सुरक्षित रखे हुए थे। बावजूद इसके, बीते 2 अप्रैल को अचानक उनके मोबाइल पर खाते से 20 हजार रुपये निकासी का मैसेज प्राप्त हुआ। यह देख वे सन्न रह गए।
अगले दिन जब वे बैंक शाखा पहुंचे और प्रबंधक से संपर्क किया, तो उन्हें जानकारी दी गई कि यह निकासी साइबर ठगी के जरिए की गई है। इसके बाद पीड़ित ने अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ शंभूगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
इस संबंध में थानाध्यक्ष राज कुमार प्रसाद ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि एक दिन पूर्व भी कसबा क्षेत्र की एक महिला ने अपने खाते से अवैध निकासी की शिकायत दर्ज कराई थी। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों से क्षेत्र के लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान कॉल, लिंक या ओटीपी साझा करने से बचें और सतर्क रहें, ताकि साइबर ठगी से बचा जा सके।
.png)




