सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
दबंग चोरों का कहर: घर में बंद कर महिला को बनाया बंधक, लाखों के जेवर-नकदी पर किया हाथ साफ
शंभूगंज थाना क्षेत्र में चोरी और लूट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला शनिवार की रात मेहरपुरडीह गांव का है, जहां अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए नकदी सहित लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेहरपुरडीह गांव निवासी देवेंद्र प्रसाद सिंह, जो पेशे से निजी शिक्षक हैं और कहलगांव में रहते हैं, उनके घर में उनकी पत्नी वंदना देवी अपनी पुत्री के साथ रहती थीं। घटना की रात दोनों घर के एक कमरे में गहरी नींद में सो रही थीं। इसी दौरान चोर घर के पीछे की चहारदीवारी लांघकर अंदर घुस गए।
चोरों ने सबसे पहले उस कमरे के बाहर से कुंडी लगा दी, जिसमें वंदना देवी और उनकी पुत्री सो रही थीं, ताकि वे बाहर न निकल सकें। इसके बाद चोरों ने बेखौफ होकर पूरे घर को खंगालना शुरू कर दिया। घर में रखे गोदरेज और अन्य अलमारियों को तोड़कर चोरों ने सोने-चांदी के लगभग 10 लाख रुपये से अधिक के जेवरात, करीब एक लाख रुपये नकद और अन्य कीमती सामान चुरा लिया।
सुबह जब वंदना देवी शौच के लिए उठीं, तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद देख वे सन्न रह गईं। किसी तरह जुगाड़ लगाकर उन्होंने दरवाजा खुलवाया और बाहर निकलीं। घर की स्थिति देखकर उनके होश उड़ गए। चारों ओर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां टूटी हुई थीं।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए और आसपास खोजबीन शुरू की। इस दौरान घर से लगभग 300 मीटर दूर पूरब बहियार में चोरों द्वारा फेंका गया बक्सा और कुछ अन्य सामान बरामद हुआ। सूचना पर शंभूगंज थानाध्यक्ष राज कुमार प्रसाद, दारोगा राममोहन सिंह सहित पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
.png)





