कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर
भागलपुर में नशा कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, 6 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
भागलपुर के औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने नशा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से कुल 6.120 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध शराब, हथियार और मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर औद्योगिक क्षेत्र थाना क्षेत्र के मंसरपुर स्थित एक घर में पुलिस ने छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस टीम को देखते ही दो संदिग्ध भागने लगे, लेकिन सशस्त्र बल की तत्परता से उन्हें खदेड़कर पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कंचन कुमारी और अमन राज के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से 6.120 किलो गांजा, एक मोबाइल फोन और 300 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस पूरी कार्रवाई की जानकारी एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने प्रेस वार्ता के माध्यम से दी। पुलिस का कहना है कि नशा कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
.png)



