सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर,बांका बिहार
भलुआ में पुलिस ओपी खोलने की मांग ठंडे बस्ते में, ग्रामीणों में बढ़ी नाराजगी
बांका जिले के शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत भलुआ गांव में पुलिस ओपी (आउटपोस्ट) खोलने की बहुप्रतीक्षित मांग अब धीरे-धीरे ठंडे बस्ते में जाती दिख रही है। इसको लेकर स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों पहले सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जो पहल शुरू हुई थी, वह अब प्रशासनिक उदासीनता की भेंट चढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, बेलहर थाना क्षेत्र से सटे भलुआ गांव में करीब दस वर्ष पूर्व कई नक्सली घटनाएं सामने आई थीं, जिससे इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया था। इन घटनाओं के बाद ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से गांव में एक स्थायी पुलिस ओपी खोलने की मांग की थी। इस पर संज्ञान लेते हुए वर्ष 2016 में बांका के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक ने शंभूगंज थाना अध्यक्ष को पत्र भेजकर ओपी खोलने के लिए जमीन चिन्हित करने सहित आवश्यक प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया था।
ग्रामीणों के मुताबिक, उस समय प्रशासन की पहल से उम्मीद जगी थी कि जल्द ही भलुआ में पुलिस की स्थायी व्यवस्था हो जाएगी। लेकिन समय बीतने के साथ यह मामला फाइलों में ही सिमटकर रह गया। इस बीच जिले के अन्य कई क्षेत्रों में नए पुलिस ओपी खोले गए, परंतु भलुआ गांव की अनदेखी होती रही।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भलुआ गांव भौगोलिक रूप से संवेदनशील क्षेत्र में स्थित है और आसपास के इलाकों से इसकी कनेक्टिविटी भी चुनौतीपूर्ण है। ऐसे में किसी भी आपात स्थिति में पुलिस की त्वरित पहुंच मुश्किल हो जाती है। ग्रामीणों ने बताया कि यदि यहां पुलिस ओपी स्थापित हो जाए, तो न केवल सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी बल्कि आपराधिक गतिविधियों पर भी प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा।
ग्रामीणों ने एक बार फिर बांका पुलिस प्रशासन और राज्य सरकार से भलुआ गांव में शीघ्र पुलिस ओपी खोलने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो वे आगे आंदोलन का रास्ता भी अपना सकते हैं। वहीं, प्रशासन की ओर से इस मामले में फिलहाल कोई ठोस प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
.png)




