सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
देवघर-तारापुर मार्ग पर बड़ी कार्रवाई: कार से 66 अर्धनिर्मित पिस्टल बरामद, चालक गिरफ्तार
देवघर-तारापुर मुख्य मार्ग पर स्थानीय पुलिस ने गुरुवार को सघन वाहन जांच अभियान चलाते हुए अवैध हथियार तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। जांच के दौरान एक संदिग्ध कार से 66 अर्धनिर्मित देशी पिस्टल बरामद किए गए, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने मौके से वाहन चालक गौतम रजक को गिरफ्तार कर लिया, जो मुंगेर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के रायसर नया टोला का निवासी बताया जा रहा है। उसके पास से पश्चिम बंगाल नंबर (WB-02Z-0758) की मारुति सुजुकी कार भी जब्त की गई है।
एसपी उपेन्द्रनाथ वर्मा ने देर शाम जानकारी देते हुए बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि देवघर से खगड़िया की ओर बेलहर के रास्ते हथियारों की एक बड़ी खेप भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर बेलहर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान देवघर की ओर से आ रही संदिग्ध कार को रोका गया और तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार की डिक्की में लोहे की चादर से बने एक गुप्त चेंबर का खुलासा हुआ। इस चेंबर के अंदर सावधानीपूर्वक छिपाकर रखे गए 66 अर्धनिर्मित पिस्टल बरामद किए गए। पूछताछ में चालक कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि इन हथियारों को खगड़िया जिले के एक ठिकाने पर पहुंचाया जाना था, जहां कारीगरों द्वारा इन्हें पूरी तरह तैयार किया जाना था।
पुलिस का मानना है कि मुंगेर में लगातार बढ़ी सख्ती के कारण अवैध हथियार निर्माता और तस्कर अब झारखंड और बिहार के अन्य जिलों में अपनी गतिविधियां बढ़ा रहे हैं। मामले में ‘साहिल’ नामक एक व्यक्ति का नाम भी सामने आया है, जिसे गिरोह का सहयोगी बताया जा रहा है। हालांकि गिरफ्तार आरोपी ने अन्य तस्करों के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी है।
इस कार्रवाई में एसडीपीओ रविंद्रमोहन प्रसाद, थानाध्यक्ष दिनेश कुमार वर्मा, संजय कुमार सिंह सहित पुलिस बल और रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे। पुलिस ने मामले में आगे की जांच तेज कर दी है और फरार आरोपितों की तलाश में छापेमारी जारी है।
.png)





