सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर ,बांका बिहार
तेज रफ्तार का कहर: सड़क हादसे में घायल युवक ने तोड़ा दम, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
शंभूगंज-खेसर मुख्य सड़क पर पेट्रोल पंप के समीप पिछले सप्ताह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। रविवार की शाम पटना के पीएमसीएच में युवक ने अंतिम सांस ली। मृतक की पहचान पकरिया गांव निवासी अमरेंद्र नारायण सिंह के 24 वर्षीय पुत्र सुमन सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद से परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
परिजनों के अनुसार, बीते 9 अप्रैल को सुमन सिंह अपनी बीमार मां को देखने भागलपुर जा रहा था। उसकी मां का इलाज वहां चल रहा है। सुमन अपने साथी बंटी सिंह के साथ बाइक पर सवार होकर गया था। मां से मिलकर दोनों वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान शंभूगंज-खेसर मुख्य सड़क पर पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार और बेकाबू पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को नजदीकी खेसर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जेएलएनएमसीएच भागलपुर रेफर कर दिया। वहां सुमन की हालत और बिगड़ने पर चिकित्सकों ने उसे पटना के पीएमसीएच भेज दिया, जहां इलाज के दौरान रविवार की शाम उसकी मौत हो गई। वहीं उसका साथी बंटी सिंह अभी भी भागलपुर में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
सुमन सिंह अपने परिवार का बड़ा बेटा था। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था, जबकि दूसरे नंबर पर पुटुश और सबसे छोटा भाई कुणाल है। सुमन अपने पिता के साथ खेती-बाड़ी में हाथ बंटाता था और परिवार की जिम्मेदारियों को निभा रहा था। उसकी शादी पांच वर्ष पूर्व हुई थी और उसके तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम पसर गया। हर कोई इस हादसे से स्तब्ध है। पंचायत के मुखिया डॉ. दीपक कुमार सिंह ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा और सरकारी सहायता दिलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सड़क सुरक्षा के ठोस उपाय जरूरी हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की त्रासदी से बचा जा सके।
.png)




