सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
कलयुगी बेटे की करतूत: बुजुर्ग माता-पिता को घर से निकाला, थाने पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार
बांका जिले के शंभूगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बंधुडीह गांव से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक मार्मिक घटना सामने आई है। यहां एक पुत्र पर अपने ही बुजुर्ग माता-पिता को न सिर्फ प्रताड़ित करने बल्कि उन्हें घर से बाहर निकाल देने का आरोप लगा है। पीड़ित दंपत्ति ने थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बंधुडीह गांव निवासी जय किशोर यादव और उनकी पत्नी मीना देवी ने शुक्रवार को शंभूगंज थाना पहुंचकर अपने ही पुत्र के विरुद्ध लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके पुत्र ने उनके साथ अमानवीय व्यवहार करते हुए भोजन-पानी तक बंद कर दिया। इतना ही नहीं, विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट कर उन्हें घर से बाहर निकाल दिया गया।
पीड़ित दंपत्ति ने बताया कि उनके दो पुत्र हैं। बड़ा पुत्र अमरेंद्र यादव झारखंड पुलिस में कार्यरत है, जबकि छोटा पुत्र समरेंद्र यादव गांव में रहकर खेती करता है। आरोप है कि दोनों पुत्र अब अपने माता-पिता के भरण-पोषण से मुकर गए हैं। जब उन्होंने खाने-पीने की मांग की, तो उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया और उन्हें बेघर कर दिया गया।
घटना के बाद असहाय दंपत्ति ने थाना पहुंचकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, आरोपी पुत्र ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया है। उसका कहना है कि उसे बदनाम करने की नीयत से यह आरोप लगाए जा रहे हैं।
इधर, शंभूगंज थाना अध्यक्ष राजकुमार प्रसाद ने बताया कि पीड़ितों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।इस घटना ने समाज में बदलते पारिवारिक मूल्यों और बुजुर्गों के प्रति घटती संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
.png)




