Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

गड़बड़झाला : छठ घाट निर्माण में भारी अनियमितता, जांच के आदेश के बावजूद काम जारी

    प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार 

छठ घाट निर्माण में भारी अनियमितता, जांच के आदेश के बावजूद काम जारी

अमरपुर नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों में गड़बड़ी और भ्रष्टाचार का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला वार्ड संख्या 11 स्थित पैन बांध पर निर्माणाधीन छठ घाट से जुड़ा है, जहां खुलेआम नियमों की अनदेखी और अनियमितताओं की शिकायत सामने आई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार निर्माण स्थल पर योजना से संबंधित कोई सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया है, जिससे यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा कि यह कार्य किस योजना के तहत किया जा रहा है, इसकी लागत कितनी है और संवेदक कौन है। यह सरकारी नियमों का सीधा उल्लंघन माना जा रहा है।

ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि निर्धारित मानकों के विपरीत चिमनी ईंटों की जगह टूटे-फूटे और छालटी ईंटों का उपयोग किया जा रहा है। साथ ही, मिट्टी युक्त बालू से निर्माण कराया जा रहा है, जिससे घाट की मजबूती पर संदेह उत्पन्न हो गया है।

मौके पर मौजूद मजदूरों ने बताया कि ठेकेदार द्वारा जो सामग्री उपलब्ध कराई जाती है, उसी से काम करना उनकी मजबूरी है। वार्ड पार्षद तारा देवी के पुत्र शिवेंद्र कुमार ने बताया कि करीब 18 लाख रुपये की लागत से यह कार्य टेंडर के माध्यम से कराया जा रहा है। शिकायत मिलने पर उन्होंने स्थल निरीक्षण किया, जहां कई अनियमितताएं पाई गईं। इसके बाद उन्होंने काम रुकवाकर इसकी सूचना कार्यपालक पदाधिकारी को दी।

हालांकि आरोप है कि ठेकेदार ने आदेश की अनदेखी कर दोबारा काम शुरू कर दिया और विरोध करने पर धमकी भी दी गई। कनीय अभियंता ने बताया कि उन्हें इस कार्य की आधिकारिक जानकारी नहीं थी और फिलहाल काम रुकवा दिया गया है।

कार्यपालक पदाधिकारी ने सोमवार को जांच का आश्वासन दिया है। अब देखना होगा कि जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई होती है या मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |