प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार
स्टेट टॉपर पुष्पांजलि का भव्य सम्मान, पान समाज में खुशी की लहर
बिहार पान कॉर्डिनेशन कमिटी, बांका के तत्वावधान में अमरपुर पान कमिटी के सदस्यों ने बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा की स्टेट टॉपर बनी छात्रा पुष्पांजलि कुमारी को उनके आवास पर पहुंचकर सम्मानित किया। रजौन थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव स्थित उनके घर पर सदस्यों ने फूल-माला पहनाकर और शुभकामनाएं देकर छात्रा का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर पूरे गांव में खुशी और गर्व का माहौल देखा गया।
मौके पर वक्ताओं ने कहा कि पुष्पांजलि कुमारी ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और समर्पण के बल पर प्रथम स्थान हासिल कर न केवल पान समुदाय बल्कि पूरे बिहार का नाम देशभर में रोशन किया है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
कमिटी के जिलाध्यक्ष हरिहर तांती ने कहा कि पुष्पांजलि की सफलता यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प और मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। वहीं युगल किशोर तांती ने कहा कि गरीब परिवार से आने के बावजूद उनकी यह उपलब्धि समाज के हर बच्चे के लिए एक मिसाल है। इस दौरान कमिटी के सदस्यों ने जिला प्रशासन द्वारा अब तक छात्रा को उचित सम्मान नहीं दिए जाने पर नाराजगी जताई और जल्द से जल्द सम्मानित करने की मांग की।
विदित हो कि गोपालपुर गांव निवासी लालमोहन शर्मा एवं सिंधु देवी की पुत्री पुष्पांजलि कुमारी ने जमुई जिले के सिमतुल्ला आवासीय विद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर बिहार बोर्ड परीक्षा में प्रथम स्थान हासिल किया है। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष रतन कुमार, कोषाध्यक्ष प्रीतम कुमार, श्रीधर तांती, नवीन कुमार पान, विरेंद्र कुमार पान, विजेंद्र मंडल, अनिल कुमार, सुमन कुमार सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
.png)


