सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
तिलडीहा दुर्गा मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, जाम से थमी रफ्तार ,दर्शन को उमड़ी भारी भीड़
शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र के हरिवंशपुर स्थित तिलडीहा दुर्गा मंदिर में चैत्र नवरात्र के अवसर पर मंगलवार को श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही माता के दर्शन के लिए भक्तों का सिलसिला शुरू हो गया, जिससे मंदिर परिसर पूरी तरह श्रद्धालुओं से भर गया और आसपास के क्षेत्रों में भारी भीड़ देखी गई।
भीड़ का असर सड़क व्यवस्था पर भी साफ नजर आया। तिलडीहा गांव से लेकर गोगाचक मोड़ तक लंबा जाम लग गया। स्थिति ऐसी हो गई कि दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित रही, वहीं पैदल चलने वाले श्रद्धालु भी रेंगते नजर आए। सामान्य दिनों में महज पांच मिनट का सफर तय करने में लोगों को करीब एक घंटे का समय लग गया।
इस दौरान बदुआ नदी पुल पर भी भारी भीड़ के कारण अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई श्रद्धालु अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए नदी के नीचे के रास्ते से गुजरते दिखे, जिससे हादसे की आशंका भी बनी रही। भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था की कमी के कारण लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
मंदिर के प्रधान पुजारी श्याम आचार्य ने बताया कि तिलडीहा दुर्गा मंदिर की महिमा अत्यंत विशेष है। सच्चे मन से पूजा-अर्चना करने वाले भक्तों की मनोकामनाएं मां दुर्गा अवश्य पूर्ण करती हैं, जिसके कारण यहां नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है।
उन्होंने यह भी बताया कि तिलडीहा दुर्गा मंदिर में केवल चैत्र और शारदीय नवरात्र ही नहीं, बल्कि प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में भीड़ को नियंत्रित करना मंदिर प्रशासन के लिए चुनौती बना रहता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नवरात्र जैसे बड़े अवसरों पर यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित दर्शन का लाभ मिल सके।




