प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार
बांका पुलिस अधीक्षक ने किया अमरपुर थाने का निरीक्षण पुलिस पदाधिकारी को दिया दिशा निर्देश
बांका पुलिस अधीक्षक उपेन्द्रनाथ वर्मा ने गुरुवार की दोपहर अमरपुर थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ओडी इंचार्ज दारोगा पुरुषोत्तम झा, थानाध्यक्ष राकेश कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे। एसपी ने थाना परिसर की स्थिति एवं साफ-सफाई का जायजा लिया और व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने थानाध्यक्ष को निर्देशित किया कि क्षेत्र में दिवा एवं रात्रि गश्ती को और तेज किया जाए ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके। साथ ही लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन पर विशेष बल देते हुए कहा कि फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाए।
एसपी ने अवैध खनन एवं अवैध शराब के कारोबार पर सख्ती से रोक लगाने के लिए नियमित छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इन अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके अलावा उन्होंने लंबित मामलों की समीक्षा थानाध्यक्ष के साथ-साथ एडिशनल एसएचओ द्वारा नियमित रूप से करने को कहा, ताकि मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित हो सके।
मौके पर उपस्थित पुलिस कर्मियों को संबोधित करते हुए एसपी ने ईमानदारी और लगन के साथ कार्य करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को पुरस्कृत करने की भी बात कही, जिससे पुलिस बल में उत्साह बना रहे। इस दौरान दारोगा सुशील कुमार समेत अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद पुलिस महकमे में सक्रियता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।




