प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर
अवैध बालू खनन पर रात में छापेमारी, ट्रैक्टर जब्त, चालक फरार
बांका जिले के अमरपुर प्रखंड में अवैध बालू खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बुधवार की देर रात संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया। खनन पदाधिकारी और अमरपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार के नेतृत्व में विभिन्न बालू घाटों पर की गई इस कार्रवाई के दौरान मालदेवचक घाट के समीप बालू लदा एक ट्रैक्टर जब्त किया गया।
पुलिस वाहन को देखते ही ट्रैक्टर चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि अवैध खनन की गुप्त सूचना मिलने पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई स्थानों पर छापेमारी की। इसी क्रम में मालदेवचक घाट पर दबिश दी गई, जहां बालू उठाव करते तस्करों की गतिविधि सामने आई।
हालांकि चालक वाहन छोड़कर भागने में सफल रहा, लेकिन पुलिस ने ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया है। जब्त वाहन के मालिक और चालक की पहचान कर उनके खिलाफ खनन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बालू तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

