सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
अचानक बदला मौसम: बांका में आंधी-ओलावृष्टि से रबी फसल व आम को भारी नुकसान
बांका जिले भर में शुक्रवार की शाम अचानक मौसम ने करवट ले ली। शाम होते-होते आसमान में घने बादल छा गए और देखते ही देखते चारों ओर अंधेरा पसर गया। इसके बाद तेज हवा चलने लगी और कुछ ही देर में जमकर ओलावृष्टि शुरू हो गई। अचानक आए इस मौसम परिवर्तन ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
तेज हवा और ओलावृष्टि के कारण क्षेत्र में रबी फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचा है। खासकर गेहूं, चना और मसूर की फसल पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। कई जगहों पर खड़ी फसल गिर गई, जिससे उत्पादन पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। वहीं आम के बागानों में भी ओलों की मार से मंजर और छोटे फल झड़ गए, जिससे आम उत्पादन को लेकर किसान मायूस हैं।
किसानों का कहना है कि इस समय फसल पकने की अवस्था में थी, ऐसे में ओलावृष्टि ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है। कई किसानों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर मुआवजा देने की मांग की है।
स्थानीय लोगों के अनुसार तेज हवा के कारण कुछ स्थानों पर पेड़ की टहनियां भी टूटकर गिर गईं, हालांकि किसी बड़े हादसे की सूचना नहीं है। मौसम के अचानक बदले मिजाज से जनजीवन कुछ देर के लिए प्रभावित रहा।
कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे मौसम में फसलों को बचाने के लिए पूर्व तैयारी आवश्यक होती है, लेकिन अचानक आई इस आपदा से बचाव मुश्किल हो गया। प्रशासन से अपेक्षा की जा रही है कि प्रभावित किसानों को शीघ्र राहत प्रदान की जाए।




