सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर ,बांका बिहार
रामचुआ पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सह प्रखंड राजद अध्यक्ष यादव शैलेश कुमार यदुवंशी ने कहा कि अब वह राजनीतिक कम और गौ सेवा ज्यादा करेंगे
श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ से पूर्व खौजरीडीह में गौ सेवा का संकल्प, सैकड़ों लोग बने सदस्य
शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र के खौजरीडीह गांव स्थित जगेश्वर नाथ महादेव मंदिर परिसर में 21 अप्रैल से आयोजित होने वाले श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ को लेकर धार्मिक उत्साह चरम पर है। इसी कड़ी में यज्ञ के पूर्व गुरुवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें यज्ञ समिति के सदस्यों सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लेकर चार धाम गौ सेवा समिति की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय संत याज्ञिक सम्राट क्रांतिकारी नागा बाबा जी महाराज की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं को गौ सेवा एवं संरक्षण का महत्व बताते हुए सभी को संकल्प दिलाया कि वे जीवनभर गौ माता की रक्षा एवं सेवा के लिए समर्पित रहेंगे। बाबा जी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता का विशेष स्थान है और इसकी सेवा से समाज में सुख-समृद्धि एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों ने हाथ उठाकर गौ सेवा का संकल्प लिया और “गौ माता की जय” के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा। कार्यक्रम का वातावरण पूरी तरह धार्मिक और भक्तिमय बना रहा। ग्रामीणों में इस आयोजन को लेकर काफी उत्साह देखा गया। रामचुआ पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सह प्रखंड राजद अध्यक्ष यादव शैलेश कुमार यदुवंशी ने कहा कि अब वह राजनीतिक कम और गौ सेवा ज्यादा करेंगे।
यज्ञ समिति के सदस्यों ने बताया कि 21 अप्रैल से प्रारंभ होने वाले श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। यज्ञ स्थल की साफ-सफाई, पंडाल निर्माण, श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक तैयारियां अंतिम चरण में हैं। समिति ने बताया कि इस महायज्ञ में दूर-दराज से साधु-संतों एवं श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि इस तरह के धार्मिक आयोजनों से क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण होता है और सामाजिक एकता को भी बढ़ावा मिलता है। कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर ग्रामीणों द्वारा सक्रिय सहयोग किया जा रहा है।




