सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
ईद को लेकर शंभूगंज में उत्साह चरम पर, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
जुमे की नमाज अदा, 10 स्थानों पर दंडाधिकारी व पुलिस बल तैनात
शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र में मुस्लिम समुदाय के प्रमुख पर्व ईद को लेकर उत्साह चरम पर पहुंच गया है। शुक्रवार को ईद की तैयारियों के बीच विभिन्न मस्जिदों में जुमे की नमाज अदा की गई, जहां बड़ी संख्या में मुस्लिम भाइयों ने इबादत कर अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी।
ईद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रखंड के संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रशासन द्वारा चुटिया, बेलारी, मिर्जापुर, कमड्डी, खपड़ा, कसबा, खानगा, महथुडीह सहित करीब 10 प्रमुख स्थानों पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
शंभूगंज प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) नीतीश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि ईद के मौके पर किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि पर नजर रखने के लिए विशेष गश्ती अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी और पुलिस प्रशासन लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रहे हैं, ताकि विधि-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रहे। बीडीओ ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी समुदाय के लोग मिल-जुलकर आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ ईद का त्योहार मनाएं। उन्होंने अफवाहों से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की भी बात कही।


