सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर ,बांका बिहार
गौ माता में सभी देवी-देवताओं का वास, सेवा का हिस्सा बनकर जीवन को बनाएं सार्थक : साध्वी निष्ठा गोपाल सरस्वती
शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र के सातपट्टी अंतर्गत कुर्मा गांव में आयोजित गौ कृपा कथा इन दिनों श्रद्धालुओं के लिए आस्था और भक्ति का केंद्र बनी हुई है। कथा के दौरान वृंदावन से पधारी प्रसिद्ध कथावाचिका साध्वी निष्ठा गोपाल सरस्वती ने गौ माता के महत्व पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए लोगों को गौ सेवा और संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
अपने प्रवचन में साध्वी निष्ठा गोपाल सरस्वती ने कहा कि गौ माता सनातन धर्म की आधारशिला है और इसमें समस्त देवी-देवताओं का वास माना गया है। उन्होंने बताया कि गाय के गोबर में माता लक्ष्मी का निवास होता है, जबकि गौ मूत्र में साक्षात गंगाजल का वास होता है। इसके अलावा गाय के दोनों सींगों पर संपूर्ण पृथ्वी का भार स्थित है, जो इसकी दिव्यता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि किसी भी धार्मिक अनुष्ठान में गाय के गोबर का विशेष महत्व होता है। घर की शुद्धि से लेकर यज्ञ-हवन तक में इसका उपयोग अत्यंत पवित्र माना जाता है। साध्वी ने उपस्थित श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे गौ माता की सेवा को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं और अधिक से अधिक देसी गायों का पालन करें।
देसी और जर्सी गाय के अंतर पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि देसी गाय का दूध अमृत के समान होता है, जो मानव शरीर के लिए अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने इसे मां के दूध के समान पोषक बताया। वहीं जर्सी गाय के दूध को उन्होंने स्वास्थ्य के लिए हानिकारक बताते हुए लोगों को इससे बचने की सलाह दी। साध्वी ने कहा कि केवल गौ माता का वंदन और चरण स्पर्श करने मात्र से सभी देवी-देवताओं के पूजन का फल प्राप्त होता है। उन्होंने लोगों से गौ संरक्षण के लिए आगे आने और समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की।
कथा के दौरान बीच-बीच में प्रस्तुत किए जा रहे भागवत भजनों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। भक्ति संगीत और कथा का संगम ऐसा रहा कि उपस्थित श्रोता पूरी तरह आध्यात्मिक वातावरण में डूबे नजर आए। इस आयोजन को सफल बनाने में गांव के सभी ग्रामीणों की सक्रिय भूमिका देखी जा रही है। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है और पूरे क्षेत्र में भक्ति एवं श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।




