Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग न्यूज : चोरी का CCTV बेचते रंगे हाथ पकड़ा गया चोर

     प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार 

चोरी का सीसीटीवी बेचते रंगे हाथ पकड़ा गया चोर, पुलिस ने दबोचा

अमरपुर शहर में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने चोरी किए गए सीसीटीवी कैमरे की बिक्री करते एक चोर को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किया गया कैमरा भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार चोर की पहचान अमरपुर थाना क्षेत्र के छोटी जानकीपुर गांव निवासी पवन कुमार सिंह के रूप में हुई है।

मामले की जानकारी देते हुए अमरपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव निवासी मृत्युंजय शर्मा ने अपने घर की छत पर लगे सीसीटीवी कैमरे को अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लेने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू की और शहर के विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक दुकानों पर सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती कर संदिग्ध लोगों पर नजर रखने का निर्देश दिया।

इसी दौरान शनिवार की संध्या एक युवक चोरी किया गया सीसीटीवी कैमरा बेचने के उद्देश्य से अमरपुर शहर के गोला चौक स्थित राजेश टीवी दुकान पर पहुंचा। दुकान पर पहले से निगरानी कर रही पुलिस ने युवक की गतिविधि संदिग्ध पाते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी किया गया सीसीटीवी कैमरा बरामद कर लिया गया।

पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार चोर पवन कुमार सिंह ने अपने अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं और चोरी की घटनाओं से जुड़े कई अहम सुराग पुलिस को दिए हैं। पुलिस इन सुरागों के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

फिलहाल पीड़ित गृहस्वामी मृत्युंजय शर्मा के लिखित आवेदन पर अमरपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में बांका भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |