सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
धार्मिक जागरूकता के लिए निकली भव्य रैली, 21 अप्रैल से खजूरी डीह में होगा श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ
शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र के रामचुआ पंचायत अंतर्गत खजूरी डीह गांव में आगामी 21 अप्रैल से आयोजित होने वाले श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ को सफल बनाने के उद्देश्य से रविवार को भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। यह रैली राष्ट्रीय संत याज्ञिक सम्राट क्रांतिकारी नागा बाबा जी महाराज के नेतृत्व में यज्ञ सेवा समिति खजूरी डीह तथा स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से आयोजित की गई।
रैली के माध्यम से क्षेत्र के लोगों से महायज्ञ को तन, मन और धन से सफल बनाने की अपील की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने “जय श्रीराम” और “हर हर महादेव” के जयघोष के साथ गांव-गांव जाकर लोगों को महायज्ञ में भाग लेने का निमंत्रण दिया।
राष्ट्रीय संत क्रांतिकारी नागा बाबा जी महाराज ने बताया कि खजूरी डीह गांव स्थित जागेश्वरनाथ महादेव मंदिर के समीप यह 109वां महायज्ञ आयोजित किया जा रहा है। यह महायज्ञ 21 अप्रैल से 1 मई तक चलेगा। उन्होंने कहा कि यज्ञ का मुख्य उद्देश्य जनमानस में धर्म के प्रति जागरूकता पैदा करना और लोगों को आध्यात्मिक मार्ग की ओर प्रेरित करना है।
उन्होंने कहा कि आज के भौतिकवादी युग में लोग सांसारिक चकाचौंध में उलझकर धर्म और संस्कारों से दूर होते जा रहे हैं, जिससे समाज में असंतुलन और अशांति का माहौल बन रहा है। ऐसे समय में यज्ञ और धार्मिक अनुष्ठान लोगों को नैतिकता, संस्कार और एकता का संदेश देते हैं।
जागरूकता रैली घाटीनाथ महादेव पहाड़ी खजूरी से शुरू होकर तेलगामा, पहड़ी मोहनपुर, गुलनी कुशाहा, दयालडीह, भट्टाचक, मंझगाय, बेला, छतहार सहित कई गांवों से होते हुए तिलडीहा दुर्गा मंदिर, तारापुर बाजार और शंभूगंज बाजार तक पहुंची।
इस दौरान श्रद्धालुओं ने दर्जनों गांवों में जनसंपर्क कर महायज्ञ में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। रैली में सैकड़ों श्रद्धालु और ग्रामीण उत्साहपूर्वक शामिल हुए, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल देखने को मिला।





