सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर बांका बिहार
पुलिस लाइन में फूड पॉइजनिंग से पांच दर्जन जवान बीमार, आईजी व डीएम ने अस्पताल पहुंचकर लिया हाल
बांका पुलिस लाइन में अचानक फूड पॉइजनिंग की घटना सामने आने से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार भोजन करने के बाद करीब पांच दर्जन पुलिस जवानों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।
कई जवानों को उल्टी, पेट दर्द और चक्कर आने की शिकायत होने लगी। स्थिति बिगड़ते देख सभी बीमार जवानों को तुरंत इलाज के लिए बांका सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उनका उपचार शुरू किया।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक महकमे में भी हलचल तेज हो गई।
भागलपुर प्रक्षेत्र के आईजी विवेक कुमार और बांका के जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला स्वयं सदर अस्पताल पहुंचे और भर्ती जवानों का हालचाल लिया। उन्होंने अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों से इलाज की पूरी जानकारी प्राप्त की और जवानों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
डॉक्टरों के अनुसार सभी जवानों की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।
प्राथमिक उपचार के बाद कई जवानों की हालत में सुधार भी देखा गया है। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि भोजन के कारण फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। मामले की जांच के लिए भोजन के नमूने भी सुरक्षित रख लिए गए हैं ताकि वास्तविक कारण का पता लगाया जा सके।
आईजी विवेक कुमार ने कहा कि जवानों के स्वास्थ्य को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
वहीं डीएम नवदीप शुक्ला ने भी अस्पताल प्रबंधन को आवश्यक दवाइयां और संसाधन उपलब्ध कराने को कहा।
इस घटना केबाद एफएसएल जांच भी कराया जा रहा है। साथ ही मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। फिलहाल सभी बीमार जवानों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।






