सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
बांका जिले के बौंसी क्षेत्र में इंडेन रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। कई उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया है कि ऑनलाइन बुकिंग करने के बावजूद उन्हें समय पर गैस सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे घरों में खाना बनाने में परेशानी हो रही है।
अंगारू गांव के उपभोक्ता चन्द्रशेखर झा ने बताया कि उन्होंने कई दिन पहले ऑनलाइन गैस सिलिंडर बुक कराया था, लेकिन अब तक सिलिंडर की डिलीवरी नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि गैस एजेंसी से संपर्क करने पर भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है। उन्होंने बताया कि इस समस्या से केवल वे ही नहीं, बल्कि आसपास के कई अन्य उपभोक्ता भी जूझ रहे हैं। समय पर गैस नहीं मिलने के कारण लोगों को मजबूरी में वैकल्पिक साधनों से खाना बनाने को विवश होना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रसोई गैस जैसी जरूरी सुविधा में देरी से आम लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
उपभोक्ताओं ने संबंधित विभाग से मामले की जांच कर समय पर गैस आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है।
वहीं इस संबंध में इंडेन गैस एजेंसी के प्रोपराइटर संजीव साह से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि एजेंसी द्वारा सभी उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कभी-कभी तकनीकी कारणों या डिलीवरी की प्रक्रिया में थोड़ी देरी हो सकती है, लेकिन उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराने का प्रयास लगातार किया जा रहा है।
इधर गैस आपूर्ति में हो रही देरी को लेकर उपभोक्ताओं में असंतोष बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि समय पर गैस उपलब्ध नहीं कराई गई तो वे सामूहिक रूप से एजेंसी के खिलाफ आवाज उठाने को मजबूर होंगे।




