सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
शंभूगंज में रोजगार मेले में उमड़ी युवाओं की भीड़, 47 अभ्यर्थियों का हुआ चयन
शंभूगंज प्रखंड मुख्यालय परिसर में शनिवार को कौशल विकास विभाग एवं जिला नियोजनालय बांका के तत्वावधान में एक दिवसीय नियोजन मेले का आयोजन किया गया। इस रोजगार मेले में नौकरी पाने की उम्मीद लिए युवाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही प्रखंड कार्यालय परिसर में युवाओं की चहल-पहल बनी रही और रोजगार पाने की उम्मीद में सैकड़ों युवक-युवतियां कंपनियों के स्टॉल पर आवेदन देते नजर आए।
इस नियोजन मेले में एसबीआई लाइफ, एसआईएस सिक्योरिटी सहित कुल पांच निजी कंपनियों ने भाग लिया और विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों से आवेदन लिया। मेले में कंपनियों के प्रतिनिधियों ने युवाओं का साक्षात्कार लिया तथा उनके योग्यता और अनुभव के आधार पर चयन की प्रक्रिया पूरी की। रोजगार मेले में कुल 247 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 47 उम्मीदवारों का चयन विभिन्न कंपनियों द्वारा किया गया।
इसके अलावा 87 अभ्यर्थियों का पंजीकरण राष्ट्रीय करियर सेवा (एनसीएस) पोर्टल पर भी कराया गया, ताकि भविष्य में उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। मेले के दौरान युवाओं को रोजगार से जुड़ी जानकारी भी दी गई तथा उन्हें कौशल विकास और स्वरोजगार से संबंधित योजनाओं के बारे में अवगत कराया गया।
रोजगार मेले के आयोजन से क्षेत्र के युवाओं में उत्साह देखा गया। कई अभ्यर्थियों ने बताया कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय स्तर पर ही रोजगार पाने का अवसर मिलता है, जिससे उन्हें बाहर शहरों में भटकना नहीं पड़ता।
आयोजकों ने बताया कि सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। इस तरह के रोजगार मेले से युवाओं को कंपनियों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलता है, जिससे उनकी नौकरी पाने की संभावना बढ़ जाती है।




