Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

अमरपुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या - 14 के आक्रोशित वार्डवासियों ने क्यो किया प्रदर्शन

    प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार 

जलमीनार का मोटर जला, पंद्रह दिनों से पानी को तरस रहे लोग; आक्रोशित वार्डवासियों ने किया प्रदर्शन

अमरपुर प्रखंड में बढ़ती गर्मी के साथ ही नगर पंचायत से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट गहराने लगा है। नगर पंचायत प्रशासन भले ही सभी 14 वार्डों में नियमित जलापूर्ति का दावा कर रहा हो, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग नजर आ रही है। ताजा मामला नगर पंचायत के डुमरामा वार्ड संख्या तीन के यादव मोहल्ला का है, जहां पिछले पंद्रह दिनों से पेयजल संकट से जूझ रहे लोगों का आक्रोश शनिवार को फूट पड़ा।

आक्रोशित वार्डवासी जलमीनार के समीप एकजुट होकर नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे। प्रदर्शन कर रहे सुधा देवी, रीना देवी, कुरमा देवी, ललिता देवी, शंकर यादव, विन्देश्वरी यादव, जितेंद्र यादव सहित अन्य लोगों ने बताया कि वार्ड में दो पानी की टंकियों का निर्माण कराया गया है, लेकिन उनमें से केवल एक टंकी से ही वार्ड संख्या दो के यादव मोहल्ला में पाइप लाइन के माध्यम से पानी की आपूर्ति की जा रही है। दूसरी टंकी का मोटर करीब पंद्रह दिन पूर्व जल गया है, जिसे अब तक ठीक नहीं कराया गया है।

लोगों का कहना है कि मोटर खराब होने के कारण पूरे मोहल्ले में पेयजल की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। स्थिति यह है कि लोगों को दूसरे वार्डों से पानी लाकर अपनी जरूरतें पूरी करनी पड़ रही हैं। वार्ड निवासी प्रकाश यादव ने बताया कि आजादी के करीब 79 वर्ष बाद भी डुमरामा वार्ड संख्या तीन में मां दुर्गा मंदिर के पास स्थित करीब दस घरों में आज तक पानी का कनेक्शन नहीं दिया गया है। कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से गुहार लगाने के बावजूद केवल आश्वासन ही मिला है।

इधर वार्ड पार्षद सीमा कुमारी ने बताया कि मोटर जलने की लिखित सूचना पहले ही नगर पंचायत को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं पार्षद प्रतिनिधि पिंटू मंडल ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत के अधिकारियों द्वारा डुमरामा क्षेत्र के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मोटर की मरम्मत कर जलापूर्ति बहाल नहीं की गई तो वार्डवासी नगर पंचायत कार्यालय पर धरना देने को बाध्य होंगे।




Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |