Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग न्यूज : सड़को पर रफ्तार का कहर: अनियंत्रित कार गुमटी में घुसी, युवक की मौत, 8 घायल

      कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट ,भागलपुर 

दिलगौरी मोड़ पर रफ्तार का कहर: अनियंत्रित कार गुमटी में घुसी, युवक की मौत, 8 घायल

भागलपुर जिले में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला सुलतानगंज थाना क्षेत्र के एनएच-80 मुख्य मार्ग स्थित मिर्जापुर के दिलगौरी मोड़ के पास का है, जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक गुमटी में जा घुसी। इस भीषण हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए। इनमें चार की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

घटना के संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि भागलपुर की ओर से आ रही एक फोर व्हीलर कार काफी तेज गति में थी। दिलगौरी मोड़ के पास पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी एक गुमटी में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास खड़े लोग और वाहन में सवार लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद वाहन पास की दीवार से टकराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सुलतानगंज थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया।

पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को आनन-फानन में सुलतानगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने चार घायलों की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।

इस हादसे में नारायणपुर निवासी नितेश मिश्रा की अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही मौत हो गई। वहीं घायलों में तिलकपुर के मुखिया अमित कुमार, मिर्जापुर के अमित कुमार, कोलगामा सुलतानगंज के चंदन ठाकुर, नवादा तिलकपुर के पीयूष कुमार, ललित यादव तथा एक अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त कार तिलकपुर के मुखिया अमित कुमार की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि दिलगौरी मोड़ पहले से ही दुर्घटना संभावित क्षेत्र रहा है और यहां कई बार हादसे हो चुके हैं। तेज रफ्तार और मोड़ की स्थिति के कारण अक्सर चालक नियंत्रण खो बैठते हैं।

इधर पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

वहीं वार्ड पार्षद रूबी कुमारी ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन से इस क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |