Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग न्यूज : जिला जदयू में अध्यक्ष को लेकर घमासान ,चुनाव से पहले ही घोषित हुआ नाम, दावेदारों ने उठाए सवाल

   सुरज कुमार APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, पटना ,बिहार 

जिला जदयू में अध्यक्ष को लेकर घमासान, चुनाव से पहले ही घोषित हुआ नाम, दावेदारों ने उठाए सवालबांका जिला जदयू के सांगठनिक चुनाव के बीच बांका जिला जदयू अध्यक्ष पद को लेकर नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। प्रदेश जदयू के राज्य निर्वाचन पदाधिकारी अशोक कुमार द्वारा अमरेंद्र कुमार सिंह को निर्वाचित बताते हुए अध्यक्ष घोषित किए जाने पर अन्य दावेदारों ने कड़ी आपत्ति जताई है और पूरे मामले की शिकायत प्रदेश नेतृत्व से कर दी है। इससे जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

जानकारी के अनुसार चार दिन पूर्व बांका में जिला जदयू अध्यक्ष पद के लिए सांगठनिक चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई थी। इस चुनाव के लिए पार्टी की ओर से संतोष साहनी को पर्यवेक्षक बनाकर भेजा गया था। 

चुनाव प्रक्रिया के दौरान वर्तमान जिला जदयू अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार सिंह के अलावा मनोज सिंह, वीरेंद्र कुमार आजाद, संजय मंडल और नवल मंडल ने अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की थी। हालांकि नामांकन के बाद नवल मंडल ने अपना नाम वापस ले लिया, जिसके बाद चार दावेदार मैदान में रह गए।

बताया जाता है कि चारों दावेदारों के बीच सहमति बनाने की कोशिश की गई, लेकिन किसी भी नाम पर सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद पर्यवेक्षक संतोष साहनी ने पूरी स्थिति से प्रदेश मुख्यालय को अवगत कराया और सभी चारों दावेदारों के नाम की सूची प्रदेश नेतृत्व को भेज दी, ताकि प्रदेश स्तर से किसी एक नाम का मनोनयन किया जा सके।

इसी बीच प्रदेश जदयू के राज्य निर्वाचन पदाधिकारी अशोक कुमार द्वारा जारी पत्र में अमरेंद्र कुमार सिंह को जिला जदयू अध्यक्ष पद पर निर्वाचित घोषित कर दिया गया। इस घोषणा के बाद पार्टी के भीतर ही विवाद की स्थिति पैदा हो गई। अन्य दावेदारों का कहना है कि जब चुनाव की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई और किसी को वोट के माध्यम से निर्वाचित नहीं किया गया, तो फिर किसी एक व्यक्ति को निर्वाचित घोषित करने का क्या आधार है। 

जिला अध्यक्ष पद के दावेदार संजय मंडल, वीरेंद्र कुमार आजाद और मनोज सिंह ने कहा कि इस मामले को लेकर उन्होंने प्रदेश नेतृत्व को शिकायत भेज दी है। उन्होंने कहा कि यदि अंततः मनोनयन ही करना था तो फिर चुनाव कराने की प्रक्रिया शुरू करने का क्या औचित्य था। इससे पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच भ्रम और असंतोष की स्थिति उत्पन्न हो गई है।

वहीं जब इस संबंध में चुनाव कराने आए पर्यवेक्षक संतोष साहनी से संपर्क किया गया तो उन्होंने भी इस घटनाक्रम पर आश्चर्य जताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश जदयू राज्य निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा जारी पत्र में अमरेंद्र कुमार सिंह का नाम निर्वाचित के रूप में घोषित किया जाना उनके लिए भी चौंकाने वाला है। उन्होंने बताया कि होली के बाद इस पूरे मामले को प्रदेश नेतृत्व के समक्ष रखा जाएगा और स्थिति स्पष्ट करने का प्रयास किया जाएगा।

इधर जिला जदयू अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार सिंह ने विवाद को ज्यादा तूल नहीं देते हुए कहा कि प्रदेश नेतृत्व ने उनके कामकाज और संगठन में सक्रिय भूमिका को देखते हुए दोबारा जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि वे पार्टी के भरोसे पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे और संगठन को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम करते रहेंगे। इस पूरे घटनाक्रम के बाद बांका जिला जदयू की राजनीति गरमा गई है। अब सबकी नजर प्रदेश नेतृत्व के अगले कदम पर टिकी है, जिससे इस विवाद का समाधान निकल सके।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |