कुणाल शेखर APP न्यूज ,ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर
तेज रफ्तार बाइक ने युवक को मारी टक्कर, गंभीर हालत में मायागंज अस्पताल में भर्ती
भागलपुर-दुमका मुख्य मार्ग पर बाईपास थाना क्षेत्र अंतर्गत बैजानी पेट्रोल पंप के समीप एक तेज रफ्तार सड़क हादसा हो गया, जिसमें सड़क किनारे जा रहे एक युवक को अज्ञात बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बाईपास थाना की गश्ती टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। गश्ती पदाधिकारी एएसआई उमेश शुक्ला, हवलदार हरेंद्र प्रसाद एवं सिपाही लखन कुमार ने घायल युवक को तत्काल सरकारी वाहन से उठाकर मायागंज अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार युवक की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घायल की पहचान भूषण यादव, निवासी गौराचक्की, थाना बाईपास के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना की जानकारी उसके परिजनों को दे दी है।
इस संबंध में बाईपास थाना अध्यक्ष प्रभात कुमार शर्मा ने बताया कि शब-ए-बारात पर्व को लेकर क्षेत्र में पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। उन्होंने कहा कि अज्ञात बाइक सवार की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



