Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

मुख्यमंत्री बिहार परिभ्रमण में भोजन-पानी नहीं मिलने पर बवाल, स्कूल में तालाबंदी, जांच के दौरान मारपीट

  कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर

परिभ्रमण में भोजन-पानी नहीं मिलने पर बवाल, स्कूल में तालाबंदी, जांच के दौरान मारपीट, पुलिस ने एचएम समेत पांच को निकाला सुरक्षित

भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड अंतर्गत करहरिया पंचायत स्थित उत्क्रमित मिडिल स्कूल बड़हरा में परिभ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं को भोजन और पानी नहीं मिलने के आरोप ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। इस घटना से नाराज छात्रों, अभिभावकों और ग्रामीणों ने सोमवार को स्कूल में तालाबंदी कर दी, जिससे पूरे इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

मंगलवार को प्रभारी बीईओ राकेश कुमार मामले की जांच और तालाबंदी खत्म कराने के लिए स्कूल पहुंचे। जांच के दौरान प्रधानाध्यापक संजय कुमार कुसुम को भी स्कूल बुलाया गया। आरोप है कि प्रधानाध्यापक अपने साथ सात-आठ असामाजिक तत्वों को लाठी-डंडों के साथ स्कूल परिसर में लेकर पहुंचे, जिससे माहौल और ज्यादा गर्म हो गया। स्कूल परिसर में मौजूद छात्र-छात्राएं, महिलाएं और ग्रामीण इस बात से भड़क उठे और स्थिति अचानक हिंसक हो गई।

देखते ही देखते एचएम के साथ आए लोगों और ग्रामीणों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान चार लोग मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि प्रधानाध्यापक सहित पांच लोग भीड़ के बीच स्कूल परिसर में फंस गए। स्थिति बिगड़ते देख प्रभारी बीईओ ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मदद से सभी को एक कक्षा में सुरक्षित बैठाकर हालात को संभालने का प्रयास किया।

घटना की सूचना मिलते ही बाथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद प्रधानाध्यापक सहित पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर थाने ले गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं अभिभावकों और ग्रामीणों ने छात्रों की सुरक्षा व व्यवस्था में लापरवाही के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद इलाके में शिक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक जिम्मेदारी पर सवाल खड़े हो गए हैं।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |