सुरज कुमार APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, पटना, बिहार
ऑर्केस्ट्रा डांसर से गैंगरेप, संचालक समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
बिहार के भोजपुर जिले के आरा में ऑर्केस्ट्रा डांसर के साथ सामूहिक दुष्कर्म की शर्मनाक घटना सामने आई है। घटना शनिवार, 15 फरवरी 2026 की रात की बताई जा रही है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है। पीड़िता उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ की रहने वाली 19 वर्षीय युवती है, जो एक दो साल की बच्ची की मां है।
मिली जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम समाप्त होने के बाद युवती ऑर्केस्ट्रा संचालक लक्ष्मण यादव की बाइक से घर लौट रही थी। आरोप है कि रास्ते में संचालक ने उसे जबरन शराब पिलाई, मारपीट और छेड़छाड़ की तथा सुनसान स्थान पर ले जाकर अपने दो अन्य साथियों को बुलाया। वहां तीनों ने मिलकर युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
घटना के बाद पीड़िता के पति, जो स्वयं डीजे ऑपरेटर हैं, ने कर्नामेपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी लक्ष्मण यादव (40), डीजे ऑपरेटर जितेंद्र कुमार यादव और ड्राइवर अशोक कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है तथा मेडिकल जांच सहित अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश है और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग उठ रही है।




