सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
मालडीह गांव के बहियार में धान के खेत से बुजुर्ग का शव बरामद, देखने के लिए ग्रामीणों की लगी भीड़
बांका जिले के शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र के मालडीह गांव के बहियार से बुधवार दोपहर एक 45 वर्षीय अज्ञात बुजुर्ग का शव धान के खेत से बरामद किया गया। खेत में शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन शव की पहचान नहीं हो सकी है।
जानकारी के मुताबिक, मालडीह निवासी मोनू कुशवाहा के धान के खेत में बुधवार को मजदूर धान काटने पहुंचे थे। उसी दौरान तेज बदबू आने पर उन्हें किसी मृत जानवर की आशंका हुई। लेकिन पड़ताल करने पर धान के बीच एक पुरुष का शव पड़ा मिला। इसके बाद घटना की जानकारी पूरे गांव में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
सूचना पर थाना अध्यक्ष बबलू कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात व्यक्ति की तीन–चार दिन पूर्व हत्या कर शव को खेत में फेंका गया होगा। हालांकि शव पर किसी प्रकार के चोट या मारपीट के स्पष्ट निशान नहीं पाए गए हैं।
शव की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास के थानों में गुमशुदगी की जानकारी खंगाली जा रही है। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और ग्रामीण तरह–तरह की चर्चा कर रहे हैं।


.jpg)

