सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
बेलारी गांव में खलिहान पर आग, तीन किसानों की 10 बीघा से अधिक धान की फसल जलकर बर्बाद
शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र के बेलारी गांव में शनिवार की सुबह खलिहान पर रखे तीन किसानों के धान के पुंज में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि 10 बीघा से अधिक की फसल देखते ही देखते जलकर राख हो गई। इस घटना में करीब ढाई लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है।
आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान फायर ब्रिगेड वाहन भी बुलाया गया, लेकिन जब तक दमकल की टीम पहुंची, तब तक ग्रामीण आग बुझा चुके थे।
कर्ज लेकर की थी खेती, जल गई पूरी उपज
जानकारी के अनुसार, बेलारी गांव में तीन किसानों श्याम मांझी, तेतर दास और रूपन यादव ने सुभाष चंद्र झा, सिंटू झा और सुधांशु उर्फ मोती झा की जमीन पर धान की खेती की थी। तैयार फसल को काटकर खलिहान में टॉल बना कर रखा गया था। इसी दौरान अज्ञात कारणों से टाल में आग लग गई, जो देखते ही देखते पूरे खलिहान में फैल गई।
पीड़ित किसानों ने बताया कि उन्होंने महाजन से कर्ज लेकर खेती की थी, लेकिन आग ने उनकी महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया। तीनों किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
प्रशासन ने शुरू की जांच
इधर, शंभूगंज अंचल अधिकारी जुगनू रानी ने बताया कि बेलारी गांव में खलिहान पर आग लगने से धान की फसल जलने की सूचना मिली है। हल्का कर्मचारी को जांच के लिए मौके पर भेजा गया है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।




