प्रिंस APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट बांका (बिहार)
ओढ़नी नदी किनारे युवक की हत्या, पहली पत्नी को पुलिस ने हिरासत में लिया
बांका जिले के सैजपुर गांव के ओढ़नी नदी किनारे रविवार सुबह युवक की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गांव के भुटकू दास के बेटे भिखारी दास के रूप में हुई। वह सुबह करीब 7 बजे शौच के लिए निकला था। दोपहर एक बजे तक घर नहीं लौटा, तो परिजन खोजबीन करने लगे। नदी किनारे झाड़ी में उसका शव मिला। परिजनों ने शव की पहचान कर पुलिस को सूचना दी।पुलिस ने मौके से नदी के पानी में से एक दबिया बरामद की।
मृतक के हाथ और पीठ पर जख्म के निशान मिले। आशंका है कि उसे पानी में डुबोकर मारा गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेजा गया।मृतक के पिता भुटकू दास और भाई गंगाधर दास ने नोनिहारी गांव के मनोज पासवान पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने जांच के दौरान मृतक की पहली पत्नी चंपा देवी को हिरासत में लिया है। पूछताछ जारी है।परिजनों ने बताया कि भिखारी दास की दो शादियां हुई थीं। पहली पत्नी चंपा देवी से दो बेटियां और एक बेटा था।
छोटी बेटी अन्नु प्रिया की मौत दो साल पहले हो गई थी। इसके बाद चंपा देवी अपने बच्चों के साथ घर छोड़कर देवघर में रहने लगी थी। वहीं उसे मनोज पासवान ने शरण दी थी।करीब 10 महीने पहले भिखारी दास ने मनोज पासवान पर पत्नी के अपहरण का केस दर्ज कराया था। इसके बाद मनोज पासवान केस उठाने का दबाव बनाने लगा। बच्चों को जान से मारने की धमकी भी देता था।परिजनों का आरोप है कि मनोज पासवान ने ही भिखारी दास की हत्या की है।
भिखारी दास ने गांव की बबीता देवी से दूसरी शादी की थी। बबीता के पहले पति संजय साह हैं।एसडीपीओ बिपीन बिहारी ने बताया कि युवक की दो शादियां हुई थीं। पहली पत्नी भाग गई थी। उसी आधार पर जांच की जा रही है। पहली पत्नी से पूछताछ जारी है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।