प्रिंस APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट बांका (बिहार)
कृषि मंत्री ने बांका में लाह उत्पादन और पोषण अभियान की किया सराहना
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने रविवार को बांका जिले के रजौन प्रखंड मुख्यालय में कृषि विज्ञान केंद्र व कृषि विभाग बांका के कार्यों की समीक्षा की। इस मौके पर बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के डॉ. राजनारायण सिंह, सह निदेशक प्रसार शिक्षा, डॉ. अभय मानकर, उप निदेशक प्रशिक्षण और डॉ. ब्रजेंदु कुमार, वरीय वैज्ञानिक एवं प्रधान, कृषि विज्ञान केंद्र, बांका ने मंत्री का स्वागत किया। उन्हें पुष्पगुच्छ, भगवान बुद्ध की प्रतिमा और लाह से बना पेपरवेट भेंट किया गया।
समीक्षा के दौरान डॉ. ब्रजेंदु कुमार ने मंत्री को लाह उत्पादन, उसके प्रसंस्करण और उससे बने उत्पादों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह कार्य बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। मंत्री को कुपोषण उन्मूलन अभियान के तहत चल रहे कार्यक्रमों की भी जानकारी दी गई। साथ ही बीज और पौध सामग्री उत्पादन कार्यक्रम की जानकारी दी गई। बताया गया कि केंद्र प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रत्यक्षण इकाई की स्थापना कर रहा है।
इस अवसर पर केंद्र के विषय वस्तु विशेषज्ञ संजय कुमार मंडल ने मिट्टी जांच कार्यक्रम की जानकारी दी। मंत्री रामनाथ ठाकुर ने कृषि विज्ञान केंद्र, बांका के कार्यों की सराहना की। उन्होंने लाह उत्पादन में किए गए नवाचार और कुपोषण उन्मूलन कार्यक्रम को लेकर खुशी जताई।