पैक्स चुनाव
विपिन सिंह डेस्क रिपोर्ट बांका,(बिहार) -:बांका जिले के अमरपुर प्रखंड मुख्यालय में सोमवार से पैक्स चुनाव को लेकर नामांकन शुरू हुआ। पहले दिन नौ पैक्सों में अध्यक्ष पद के लिए 15 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया जबकि कार्यकारिणी सदस्य के लिए 26 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। कुशमाहा, सलेमपुर एवं गरीबपुर पैक्स से किसी भी पद के लिए एक भी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया।
किसने किसने भरा नामांकन पर्चा
प्रखंड के निर्वाचन शाखा से मिली जानकारी के अनुसार, अमरपुर के कोल बुजुर्ग पैक्स से निवर्तमान अध्यक्ष अरविंद यादव तथा अजय दास ने नामांकन पत्र दाखिल किया। तारडीह से निवर्तमान अध्यक्ष जनार्दन कापरी, रतनपुर मकदुमा पैक्स से निवर्तमान अध्यक्ष गौरीशंकर सिंह, भीखनपुर पैक्स से निवर्तमान अध्यक्ष श्रीनारायण शर्मा सलिल, शोभानपुर से सुनील यादव, बल्लिकित्ता से आनंदी महतो, गोरगामा से अमर रंजन चौधरी, बिशनपुर से अनिल कुमार सिंह एवं आशुतोष कुमार सिंह ने नामजदगी का पर्चा भरा। जबकि फतेहपुर पैक्स से पहले दिन ही पांच प्रत्याशी निवर्तमान अध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह, प्रेम शंकर सिंह, ब्रजेश कापरी, कैलाश मंडल तथा हिमांशु कुमार सिंह ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
अमरपुर में 26 नमंबर को होगा पैक्स चुनाव का मतदान
अमरपुर बीडीओ सह प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी प्रतीक राज ने बताया कि नामांकन की प्रक्रिया 13 नवंबर तक चलेगी। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 14 नवंबर से 16 नवंबर तक होगी। 19 नवंबर को नामांकन वापस लिया जाएगा। 26 नवंबर को सभी 12 पैक्सों में चुनाव होगा। मालूम हो कि अमरपुर में 12 पैक्सों में चुनाव हो रहे हैं।