कुणाल शेखर, ब्यूरो रिपोर्ट भागलपुर ,बिहार
विपक्ष भारत को पाकिस्तान और नेपाल जैसी स्थिति में देखना चाहता है तो यह उसकी भूल : चिराग पासवान
भागलपुर में केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष पर साधा निशाना, कहा- आत्ममंथन करता विपक्ष तो शायद वापस मिल जाती खोई हुई राजनीतिक जमीन
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भागलपुर पहुंचकर विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत की तुलना बांग्लादेश, पाकिस्तान और नेपाल की परिस्थितियों से करना विपक्ष की बड़ी भूल है। भारत में अराजकता का माहौल पैदा करने की सोच रखने वालों को यह समझना चाहिए कि देश का लोकतंत्र काफी मजबूत है।
चिराग पासवान ने कहा कि जिस तरह बांग्लादेश में परिस्थितियां बदलीं, नेपाल में सत्ता परिवर्तन हुआ और पाकिस्तान में सेना के हस्तक्षेप से सत्ता बदलती रही है, वैसी स्थिति भारत में पैदा करने की कल्पना करना भी गलत है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष अपने प्रदर्शनों के जरिए विदेशी ताकतों की सोच को बल देने का प्रयास कर रहा है। ऐसी गतिविधियां लोकतंत्र में विपक्ष की सकारात्मक भूमिका नहीं हो सकती हैं।
उन्होंने कहा कि विपक्ष एक तरफ महाभियोग की बात करता है और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर मॉक पार्लियामेंट आयोजित करता है, वहीं दूसरी तरफ संसद का सत्र चलने पर सदन की कार्यवाही बाधित करता है।
उन्होंने कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति पर सवाल उठाते हुए बिहार और उत्तर प्रदेश में उसकी मौजूदगी को लेकर भी निशाना साधा।
ईवीएम पर विपक्ष के सवाल उठाने पर भी चिराग ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि आगामी शीतकालीन सत्र में भी विपक्ष इन्हीं मुद्दों को बहाना बनाकर पूरे सत्र का बहिष्कार कर सकता है। चिराग ने कहा कि विपक्ष इतना समय आत्ममंथन में लगाता तो शायद अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन वापस हासिल कर लेता।
.png)



