सुबोध सिंह ,क्राइम रिपोर्टर बांका ,बिहार
शराब पीने का विरोध करने पर किसान को मारी गोली, हालत गंभीर; भागलपुर रेफर
बौंसी-भूर्ना मुख्य मार्ग पर पनिया मोड़ के समीप हुई घटना, एसडीपीओ और थानाध्यक्ष ने अस्पताल पहुंचकर की पूछताछ
बांका जिले के बौंसी-भूर्ना मुख्य मार्ग पर पनिया मोड़ के समीप गुरुवार को शराब पीने का विरोध करना एक किसान को महंगा पड़ गया। शराब पी रहे लोगों ने विवाद के दौरान किसान को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। गोली किसान के दाहिने हाथ में लगी है। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से जख्मी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बौंसी पहुंचाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. उत्तम कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे भागलपुर रेफर कर दिया।
जख्मी की पहचान पनिया गांव निवासी छंगुरी यादव के 45 वर्षीय पुत्र प्रकाश यादव के रूप में हुई है। बताया गया कि प्रकाश यादव अपने रिश्तेदार तेतरिया गांव निवासी नुशर यादव के पुत्र शेखर यादव के साथ बौंसी बाजार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पनिया मोड़ के समीप तेतरिया गांव निवासी गौतम यादव तीन-चार लोगों के साथ शराब पी रहा था। वहां रुकने के दौरान प्रकाश यादव ने अपने साथ मौजूद रिश्तेदार को बताया कि यहां शराब पी जा रही है। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर गौतम यादव ने देसी कट्टा निकालकर प्रकाश यादव पर गोली चला दी। गोली उनके दाहिने हाथ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी होकर गिर पड़े। घटना के बाद आरोपी और उसके साथ मौजूद लोग मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसडीपीओ इंजित बैठा, थानाध्यक्ष कन्हैया कुमार झा और एसआई प्रमोद पासवान पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने जख्मी और परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस घटनास्थल के कारणों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। एसडीपीओ ने बताया कि मामले का जल्द उद्भेदन कर लिया जाएगा। वहीं, घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
.png)





