Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

पर्चा मिलने के बाद भी जमीन पर नहीं मिला कब्जा, न्याय के लिए भटक रहे भूमिहीन

सुबोध सिंह ,क्राइम रिपोर्टर बांका ,बिहार

पर्चा मिलने के बाद भी जमीन पर नहीं मिला कब्जा, न्याय के लिए भटक रहे भूमिहीन

नरसंडी गांव के कई परिवारों को सरकार ने दिया 22 डिसमिल जमीन का वासगीत पर्चा, वर्षों बाद भी नहीं मिला दखल-कब्जा; कई परिवार अब भी जमीन के इंतजार में

शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र में भूमिहीन परिवारों को सरकार की ओर से जमीन का वासगीत पर्चा उपलब्ध कराने के बावजूद उन्हें अब तक जमीन पर दखल-कब्जा नहीं मिल सका है। सरकारी कागजों में जमीन का मालिकाना हक मिलने के बाद भी ये परिवार आज तक अपनी जमीन पर घर बनाने और रहने का सपना पूरा नहीं कर पाए हैं। जमीन पर कब्जा दिलाने की मांग को लेकर ऐसे परिवार लगातार प्रखंड और अंचल कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, शंभूगंज थाना क्षेत्र के नरसंडी गांव के पंकज मोदी, प्रेमलाल मांझी सहित कई भूमिहीन परिवारों को सरकार की ओर से वासगीत पर्चा उपलब्ध कराया गया है। इन परिवारों को करीब 22 डिसमिल जमीन आवंटित की गई है। लेकिन पर्चा मिलने के बाद भी संबंधित जमीन पर आज तक उन्हें दखल-कब्जा नहीं दिलाया गया। नतीजतन, सरकारी पर्चा हाथ में लेकर ये परिवार अपनी समस्या के समाधान के लिए पदाधिकारियों से गुहार लगा रहे हैं।

वहीं, दूसरी ओर नरसंडी गांव के ही बबलू मांझी, तुलाना मांझी, चंकी देवी पति कन्हाई मोदी, सोनी देवी पति वकील मांझी, प्रेमिया देवी पति सफल मांझी और देवकी देवी पति सुधीर मांझी सहित कई अन्य परिवार खुद को भूमिहीन बताते हुए सरकार से जमीन उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं।

शुक्रवार को भी इन सभी लोगों ने प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर अंचल अधिकारी कार्यालय में अपनी शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, अंचल अधिकारी जुगनू रानी आवश्यक कार्य से कार्यालय से बाहर थीं। ऐसे में कार्यालय कर्मियों ने फरियादियों को आश्वासन दिया कि उनकी शिकायत पदाधिकारी के समक्ष रखी जाएगी, ताकि समस्या का समाधान हो सके।

अब सवाल यह है कि जिन भूमिहीन परिवारों को सरकार ने जमीन का पर्चा दे दिया है, उन्हें वास्तविक रूप से जमीन पर कब्जा कब मिलेगा और जिनके पास रहने के लिए जमीन नहीं है, उनकी मांग कब पूरी होगी। फिलहाल, इन परिवारों की निगाहें अंचल प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।



Design by - Blogger Templates |