सुबोध सिंह ,क्राइम रिपोर्टर बांका ,बिहार
बच्चों के विवाद में अभिभावकों के बीच मारपीट, छह वर्षीय बच्चे का हाथ टूटा
मां ने गांव के ही चार लोगों के विरुद्ध थाने में दिया आवेदन, पुलिस ने शुरू की जांच
बांका जिले के शंभूगंज थाना क्षेत्र के छत्रहार गांव में बच्चों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक बच्चे के अभिभावक ने दूसरे बच्चे के साथ गाली-गलौज करते हुए उसे उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे उसका हाथ टूट गया। वहीं, बेटे को बचाने पहुंची मां के साथ भी मारपीट करने और अभद्रता करने का प्रयास किया गया।
घटना के बाद जख्मी छह वर्षीय शिवम कुमार की मां खुशबू देवी उसे लेकर शंभूगंज थाना पहुंचीं। उन्होंने गांव के ही मुन्नी यादव, पिता योगेंद्र यादव, अरुणा देवी, पति मुन्नी यादव सहित चार लोगों के विरुद्ध लिखित शिकायत दर्ज कराई है। आवेदन में खुशबू देवी ने आरोप लगाया है कि बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर आरोपितों ने उनके छह वर्षीय पुत्र शिवम कुमार के साथ मारपीट की। इस दौरान उसे उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे उसके हाथ में गंभीर चोट आई और हाथ टूट गया।
खुशबू देवी का कहना है कि जब वह अपने बच्चे को बचाने के लिए पहुंचीं तो उनके साथ भी मारपीट की गई और अभद्रता करने की कोशिश की गई। घटना के बाद से पीड़ित परिवार में भय और आक्रोश का माहौल है।
इधर, आरोपित पक्ष ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया है। मामले में शंभूगंज थानाध्यक्ष प्रभाकर कुमार ने बताया कि महिला की ओर से लिखित शिकायत मिली है। शिकायत के आधार पर मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
.png)





