प्रीतम सुमन ,ब्यूरो रिपोर्ट बांका, बिहार
बिछावन में छिपे जहरीले सांप ने 26 वर्षीय युवक को डंसा, मौत से मचा कोहराम
चार बहनों का इकलौता भाई था अमन रजा, मजदूरी कर चलाता था पूरे परिवार का भरण-पोषण
बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के दौना गांव में शुक्रवार की देर रात सर्पदंश से 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी मु. गुलाम रसूल के पुत्र मु. अमन रजा के रूप में हुई है। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वहीं गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की देर रात भोजन करने के बाद अमन अपने कमरे में बिछावन पर सोने चला गया। इसी दौरान बिछावन में पहले से छिपे जहरीले सांप ने उसे डंस लिया। युवक की चीख सुनकर परिजन जाग गए। इसके बाद परिजनों ने लाठी से प्रहार कर सांप को मार डाला। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में युवक को झाड़-फूंक कराने के लिए गद्दी लेकर पहुंचे। वहां उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई।
शनिवार को परिजन गंभीर हालत में अमन को अमरपुर रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक डॉ. अपूर्व अमन सिंह ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में मौजूद परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। मां रूबिया खातून और पिता गुलाम रसूल का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने बताया कि अमन चार बहनों का इकलौता भाई था। वह काफी मृदुभाषी और मिलनसार स्वभाव का युवक था। मजदूरी कर वह अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
.png)





