विपिन सिंह ,APP न्यूज कार्यालय बांका, बिहार
नीतीश संवाद से निशांत के नेतृत्व की होगी सियासी परीक्षा, क्या जदयू की नई राजनीतिक जमीन तैयार कर रहे नीतीश?
24 नवंबर का कार्यक्रम केवल सुशासन की उपलब्धियों का बखान नहीं, बल्कि जदयू के भविष्य के नेतृत्व और एनडीए के अंदरूनी सियासी समीकरणों को समझने का भी बनेगा मंच
बिहार की राजनीति में इन दिनों एक सवाल तेजी से चर्चा में है। नीतीश कुमार के बाद जदयू की राजनीतिक विरासत कौन संभालेगा? क्या पार्टी अब निशांत कुमार को अपने भविष्य के नेतृत्वकर्ता के रूप में स्थापित करने की तैयारी में है? इन सवालों के बीच 24 नवंबर 2026 को होने वाला 'सुशासन दिवस-नीतीश संवाद' महज एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जदयू के लिए अपनी संगठनात्मक ताकत और भविष्य की दिशा दिखाने का बड़ा अवसर बनता नजर आ रहा है।
जदयू इस कार्यक्रम के जरिए नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री रहते 20 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की तैयारी में है। राज्य के सभी जिलों में होने वाले इस आयोजन में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की जिम्मेदारियां तय की गई हैं। खास बात यह है कि स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी इस कार्यक्रम से जुड़ेंगे। ऐसे में राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इस आयोजन के बहाने निशांत कुमार की भूमिका को भी व्यापक पहचान दिलाने की कोशिश हो सकती है।
जब सनिशांत कुमार ने सक्रिय राजनीति में कदम रखा है, जदयू के कई कार्यक्रमों में उन्हें भविष्य का मुख्यमंत्री बनाने के नारे सुनाई देने लगे हैं। पार्टी के कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच उन्हें नीतीश कुमार के राजनीतिक उत्तराधिकारी के रूप में देखने की चर्चा भी तेज हुई है। हालांकि, पार्टी की ओर से उन्हें औपचारिक रूप से मुख्यमंत्री पद का उत्तराधिकारी घोषित नहीं किया गया है।
दूसरी तरफ भाजपा और जदयू के रिश्तों को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं कम नहीं हैं। गठबंधन की सार्वजनिक तस्वीर में मिठास दिखाई देती है, लेकिन नेतृत्व और राजनीतिक भविष्य को लेकर दोनों दलों के अपने-अपने हित हैं। ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या भाजपा भविष्य में बिहार की नेतृत्वकारी जिम्मेदारी निशांत कुमार को सौंपने के लिए तैयार होगी?
याद कीजिए, नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार की राजनीति ने कई दौर देखे हैं। लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार के बाद मुख्यमंत्री की कुर्सी भाजपा के सम्राट चौधरी के पास पहुंची। विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार के नाम और नेतृत्व को लेकर जदयू ने जनता के बीच अपनी राजनीति रखी थी। इसके बावजूद सत्ता के नेतृत्व में बदलाव हुआ।
बहरहाल, 24 नवंबर का नीतीश संवाद अब सिर्फ नीतीश कुमार के बीते कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाने तक सीमित नहीं दिख रहा। इस कार्यक्रम के साथ निशांत कुमार की राजनीतिक भूमिका, जदयू की भविष्य की रणनीति और भाजपा-जदयू के नेतृत्व समीकरणों पर भी निगाहें रहेंगी। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या नीतीश कुमार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए जदयू अब निशांत के नेतृत्व में नई जमीन तैयार कर रहा है? इसका जवाब आने वाले राजनीतिक घटनाक्रम देंगे।
.png)








