पंडित अमरकांत मिश्रा ,बांका ,बिहार
14 दिसंबर तक शादी के 16 मुहूर्त, 15 से खरमास; एक महीने तक थमेगी शहनाई
2027 में 26 साल बाद विवाह के सबसे ज्यादा शुभ मुहूर्त, 96 दिन बजेगी शहनाई; नवंबर-दिसंबर में भी विवाह की रहेगी धूम
देवउठनी एकादशी के साथ ही शादी-विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो चुकी है। नवंबर और दिसंबर महीने में विवाह के शुभ मुहूर्त होने से एक बार फिर शादी समारोहों की रौनक बढ़ने लगी है। हालांकि, 14 दिसंबर तक ही इस वर्ष विवाह के 16 शुभ मुहूर्त उपलब्ध हैं। इसके बाद 15 दिसंबर से खरमास शुरू हो जाएगा, जिसके साथ ही करीब एक महीने तक शादी-विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों पर विराम लग जाएगा। खरमास समाप्त होने के बाद नए साल में 18 जनवरी 2027 से फिर शहनाई बजनी शुरू होगी।
पंचांग के अनुसार नवंबर से दिसंबर तक विवाह के कुल 16 शुभ लग्न हैं। बनारसी पंचांग में नवंबर महीने में 20, 21, 24, 25, 26 और 30 तारीख को विवाह के मुहूर्त बताए गए हैं। वहीं दिसंबर में 1, 2, 3, 4, 5, 7, 9, 10, 11 और 12 तारीख को शुभ लग्न उपलब्ध हैं। मिथिला पंचांग में विवाह की तिथियों में कुछ अंतर है। ऐसे में शादी की तारीख तय करने से पहले परिवारों को अपने मान्य पंचांग के अनुसार मुहूर्त का मिलान करना होगा।
15 दिसंबर से खरमास शुरू होने के कारण मांगलिक कार्यों पर रोक लग जाएगी। इस दौरान विवाह, गृह प्रवेश और अन्य शुभ संस्कार नहीं किए जाते हैं। यही वजह है कि दिसंबर के पहले पखवाड़े में शादी करने को लेकर लोगों के बीच जल्दबाजी देखी जा रही है। मैरिज हॉल, बैंड-बाजा, कैटरिंग, सजावट और आभूषण कारोबार से जुड़े लोगों को भी इन मुहूर्तों से अच्छे कारोबार की उम्मीद है।
वहीं वर्ष 2027 विवाह के लिहाज से बेहद खास रहने वाला है। पंचांग गणना के मुताबिक इस साल कुल 96 दिन विवाह के शुभ मुहूर्त रहेंगे। इसे पिछले 26 वर्षों में सबसे अधिक विवाह मुहूर्त वाला वर्ष बताया गया है। ऐसे में खरमास के बाद नए साल में शादी समारोहों की रौनक और बढ़ने की उम्मीद है।
.png)





