प्रीतम सुमन ,ब्यूरो रिपोर्ट बांका, बिहार
बाजा मोड़ के पास गड्ढे में मिला 22 वर्षीय युवक का शव, हत्या की आशंका से सनसनी
दुकान खाली कराने के विवाद में हत्या का आरोप, छठ के खरना पर घर लौट रहा था युवक; मां और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल
बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के इंगलिशमोड़-शंभूगंज मुख्य मार्ग पर बाजा मोड़ के समीप रविवार की सुबह सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में 22 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। गड्ढे में ही युवक की बाइक भी पड़ी थी। शव मिलने की खबर फैलते ही बाजा, भरको, बल्लिकित्ता सहित आसपास के गांवों से सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुट गए।
सूचना पर सर्किल इंस्पेक्टर आशुतोष कुमार, प्रभारी थानाध्यक्ष सुशील कुमार और दारोगा शरत श्रीकांत पुलिस बल के साथ पहुंचे। चौकीदार की मदद से शव को बाहर निकाला गया।
बाद में उसकी पहचान फुल्लीडुमर थाना क्षेत्र के डोमो कुमारपुर निवासी मंटू यादव के पुत्र पियुष कुमार के रूप में हुई। शव देखते ही मां रम्भा देवी, पत्नी अर्पणा कुमारी और दादा युगल किशोर यादव सहित परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक के दादा ने आरोप लगाया कि बांका गांधी चौक स्थित जिला परिषद की दुकान को लेकर कौशलपुर निवासी दिलीप साह और उनके पुत्र संतोष साह से विवाद चल रहा था। दुकान खाली कराने के लिए उन्होंने बांका थाने में आवेदन दिया था। पुलिस ने 15 नवंबर तक दुकान खाली करने का आदेश दिया था। उनका आरोप है कि इसी विवाद में साजिश के तहत पोते की हत्या की गई।
वहीं, मां ने बताया कि पियुष बांका में श्रृंगार की दुकान चलाता था। शनिवार शाम खरना पर घर आने के लिए फोन किया था। रात आठ बजे उसने भरको के पास होने की जानकारी दी थी, लेकिन इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। पूरी रात खोजबीन के बावजूद उसका पता नहीं चला।
प्रभारी थानाध्यक्ष सुशील कुमार ने बताया कि एफएसएल टीम से घटनास्थल की जांच कराई गई है। पुलिस सभी पहलुओं पर छानबीन कर रही है। परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया गया है। मृतक तीन बहनों का इकलौता भाई था और एक वर्ष पूर्व ही उसकी शादी हुई थी।
.png)




