सूरजकांत, ब्यूरो रिपोर्ट पटना ,बिहार
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा का निधन, राजनीतिक गलियारे में शोक
नोएडा में ली अंतिम सांस, पटना के पाटलिपुत्र स्थित अन्नपूर्णा भवन में होगा अंतिम दर्शन
पटना : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा का शुक्रवार (30 अक्टूबर) को नोएडा में निधन हो गया। वे करीब 75 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर से बिहार सहित देश के राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई है। लंबे समय से बीमार चल रहे आरके सिन्हा ने इलाज के दौरान अंतिम सांस ली।
जानकारी के अनुसार, ब्रेन स्ट्रोक के बाद उनकी तबीयत काफी बिगड़ गई थी। इसके बाद वे लंबे समय तक कोमा में रहे। चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा था, लेकिन शुक्रवार को उनका निधन हो गया।
आरके सिन्हा भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में शुमार थे। बिहार की राजनीति में भी उनका महत्वपूर्ण स्थान रहा। राज्यसभा सांसद के रूप में उन्होंने संसद में बिहार और देश से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाया था। उनके निधन की खबर मिलने के बाद भाजपा नेताओं, राजनीतिक कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक का माहौल है।
उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए नोएडा से पटना लाया जाएगा। पटना के पाटलिपुत्र स्थित अन्नपूर्णा भवन में लोग उनके अंतिम दर्शन कर सकेंगे। यहां भाजपा नेताओं, सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों और उनके समर्थकों के पहुंचने की संभावना है। उनके निधन को बिहार के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति के रूप में देखा जा रहा है।
.png)





