सुबोध सिंह ,क्राइम रिपोर्टर बांका, बिहार
टोटो की सीट के नीचे छिपाकर लाई जा रही थी 51.750 लीटर शराब, तस्कर गिरफ्तार
बिना नंबर के टोटो को भी पुलिस ने किया जब्त, वाहन चेकिंग के दौरान मिली सफलता
बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी का धंधा थमने का नाम नहीं ले रहा है। तस्कर अब शराब की खेप पहुंचाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। इसी क्रम में बांका जिले के पंजवारा थाना पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान एक बिना नंबर के टोटो से 51.750 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार करने के साथ शराब ढोने में इस्तेमाल किए जा रहे टोटो को भी जब्त कर लिया।
जानकारी के अनुसार, पंजवारा थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम थाना क्षेत्र में नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध टोटो को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस उस समय हैरान रह गई, जब टोटो की सीट के नीचे छिपाकर रखी गई विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब मिली। गिनती करने पर शराब की कुल मात्रा 51.750 लीटर पाई गई।
पुलिस ने तत्काल शराब के साथ टोटो को जब्त कर लिया और मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। जब्त टोटो पर रजिस्ट्रेशन नंबर भी नहीं था। पुलिस गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ कर रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी। साथ ही इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
बांका पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में शराब तस्करी के खिलाफ लगातार छापेमारी और वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
.png)





