प्रीतम सुमन, ब्यूरो रिपोर्ट बांका ,बिहार
मैनमा ओपी का एसपी ने किया वार्षिक निरीक्षण, गार्ड ऑफ ऑनर से हुआ स्वागत
अभिलेखों की जांच में मिलीं कुछ कमियां, पुलिस पदाधिकारियों को सुधार कर कार्यप्रणाली दुरुस्त करने का निर्देश
बांका जिले के अमरपुर प्रखंड स्थित मैनमा ओपी का गुरुवार को पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने वार्षिक निरीक्षण किया। ओपी पहुंचने पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया। इसके बाद एसपी ने ओपी में संधारित विभिन्न अभिलेखों की जांच की और पुलिस की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने गुंडा पंजी, स्टेशन डायरी, प्राथमिकी पंजी, गिरफ्तारी पंजी, लंबित कांडों से संबंधित अभिलेखों के साथ वारंट और कुर्की से जुड़े रिकॉर्ड का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अभिलेखों के रखरखाव और संधारण की स्थिति की भी समीक्षा की।
निरीक्षण के बाद एसपी अमितेश कुमार ने बताया कि ओपी के आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई है। अधिकांश अभिलेख सही स्थिति में पाए गए, जबकि कुछ में कमियां मिली हैं। संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को कमियों को दूर कर सभी अभिलेखों को व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया गया है।
ओपी खुलने से ग्रामीणों में सुरक्षा का भरोसा
निरीक्षण के बाद लौटने के दौरान एसपी ने कुशमाहा पंचायत के पूर्व मुखिया एवं ग्रामीण जोगिंदर दास से भी बातचीत की। पूर्व मुखिया ने बताया कि ग्रामीणों के प्रयास से गांव में ओपी की स्थापना हुई है। पहले ठाकुरबाड़ी मठ की जमीन को लेकर कई हत्याएं हो चुकी हैं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना रहता था। ओपी खुलने के बाद लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है और ग्रामीण खुद को पहले से अधिक सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
इस मौके पर बांका एसडीपीओ अमर विश्वास, मैनमा ओपी अध्यक्ष अशांत रंजन, अमरपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार और सर्किल इंस्पेक्टर रामाशंकर सिंह सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।
.png)





