प्रीतम सुमन, ब्यूरो रिपोर्ट बांका ,बिहार
आशा दिवस पर सिविल सर्जन ने दिया सेवा का मंत्र, रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने पर जोर
बांका जिले के अमरपुर शहर स्थित रेफरल अस्पताल परिसर में गुरुवार को आशा दिवस के अवसर पर आशा कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बांका के सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र सिंह ने स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने और रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने पर विशेष जोर दिया।
बैठक को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन ने कहा कि आशा कार्यकर्ता ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। गांव-गांव तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने और लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं के प्रति जागरूक करने में उनकी भूमिका अहम है। उन्होंने बताया कि आशा कार्यकर्ताओं को कुल 52 तरह के कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनका उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूकता और सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाना है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से ईमानदारी और तत्परता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाने की अपील की।
सिविल सर्जन ने कहा कि कई बार अस्पतालों में समय पर रक्त उपलब्ध नहीं होने से गंभीर मरीजों के उपचार में परेशानी होती है। रक्त की जरूरत पड़ने पर परिजनों को भटकना पड़ता है। ऐसी स्थिति से निपटने के लिए समाज के लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं को अपने-अपने पोषक क्षेत्रों में रक्तदान के महत्व की जानकारी देने और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के लिए जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और पात्र व्यक्ति चिकित्सकीय मानकों के अनुसार रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने में योगदान दे सकते हैं।
बैठक में रेफरल अस्पताल की चिकित्सा प्रभारी डॉ. दीप्ति सिन्हा, डॉ. अमित कुमार, अस्पताल प्रबंधक ऋषि कुमार, स्वास्थ्य प्रबंधक यशराज, बीसीएम सोनम भारती, अभिषेक कुमार घोष, अंजनी कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी और आशा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
.png)



