सूरजकांत, ब्यूरो रिपोर्ट पटना, बिहार
अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू, एक सप्ताह में देना होगा जवाब
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा- कार्रवाई से पहले सुना जाएगा विधायक का पक्ष, जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने भेजा है पत्र
पटना। मोकामा के विधायक अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता समाप्त करने को लेकर बिहार विधानसभा ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस मामले में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने स्पष्ट किया है कि किसी भी तरह की कार्रवाई करने से पहले विधायक अनंत सिंह का पक्ष सुना जाएगा। इसके लिए उन्हें नोटिस भेजकर अपना जवाब देने का अवसर दिया जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार के अनुसार, अनंत सिंह को नोटिस जारी कर जवाब देने के लिए एक सप्ताह का समय दिया जाएगा। निर्धारित समय के भीतर उनका जवाब मिलने के बाद पूरे मामले से जुड़े दस्तावेजों और तथ्यों की गहन समीक्षा की जाएगी। इसके बाद ही उनकी विधानसभा सदस्यता के संबंध में आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा की ओर से अनंत सिंह की सदस्यता समाप्त करने के संबंध में विधानसभा को पत्र भेजा गया है। इसी पत्र के आधार पर विधानसभा स्तर पर आगे की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। हालांकि, फिलहाल उनकी सदस्यता समाप्त करने को लेकर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।
विधानसभा अध्यक्ष ने साफ किया है कि पूरी प्रक्रिया में निर्धारित नियमों का पालन किया जाएगा और विधायक का पक्ष सुनने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा। अब सबकी नजर विधानसभा की अगली कार्रवाई और अनंत सिंह के जवाब पर टिकी है।
.png)


